प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘रोजगार मेला’ के तहत सरकारी विभागों में चयनित 71,000 युवाओं को नियुक्ति-पत्र जारी किए। देश में आज 45 जगहों पर यह रोजगार मेला आयोजित किया गया था। इस अवसर पर पीएम मोदी ने अपने भाषण में कहा कि देश में नए हाईवे-एअरपोर्ट बने हैं। जिस स्पीड व स्केल पर काम हो रहा है वो अभूतपूर्व है। पीएम मोदी ने कहा कि 2014 से पहले विकास की रफ्तार धीमी थी। 9 साल पहले आज के ही दिन लोकसभा चुनाव के नतीजे आए थे। तब पूरा देश उत्साह, उमंग और विश्वास से झूम उठा था। सबका साथ-सबका विकास के मंत्र के साथ कदम बढ़ाने वाला भारत, आज विकसित भारत बनने के लिए प्रयास कर रहा है।