कांग्रेस ने गुरुवार को ऐलान कर दिया कि सिद्धारमैया कर्नाटक के मुख्यमंत्री और डीके शिवकुमार उप मुख्यमंत्री होंगे। कांग्रेस के प्रतिनिधि होने के नाते कर्नाटक के विधायक जी परमेश्वर आज राजभवन गए। जहां उन्होंने कर्नाटक के महामहिम राज्यपाल थावरचंद गहलोत से मुलाकात की और विधानसभा चुनाव में बहुमत हासिल करने के बाद कांग्रेस की ओर से सरकार बनाने का दावा पेश किया। सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार दिल्ली से बेंगलुरु के लिए रवाना हो चुके हैं। बेंगलुरु में आज शाम 7:00 बजे विधायक दल की बैठक बुलाई गई है। जिसमें औपचारिक रूप से को विधायक दल का नेता चुना जाएगा।
कर्नाटक कांग्रेस के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि 20 मई को दोपहर 12:30 बजे बेंगलुरु में शपथ ग्रहण होगा। समारोह में एक समान विचारधारा वाले दलों के वरिष्ठ नेताओं को आमंत्रित किए जाने की जानकारी देते हुए केसी वेणुगोपाल ने कहा कि सिद्धारमैया और शिवकुमार के साथ कई और मंत्री भी शपथ लेंगे।
सिद्धारमैया और शिवकुमार को कर्नाटक में कांग्रेस के लिए बड़ी ताकत बताते हुए रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि दोनों की जोड़ी का विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत में महत्वपूर्ण योगदान रहा। अब आगे ये दोनों मिलकर राज्य की रुकी हुई विकास की गति को तेजी देंगे।