केरल में मॉनसून के दस्तक देने के बाद अब पूरा भारत मॉनसून का इंतज़ार कर रहा है। गर्मी से परेशान लोग मॉनसून का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, ताकि मॉनसूनी बारिश से गर्मी जाए और शुकून मिले। बंगाल के उप-हिमालयी जिलों में दक्षिण पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने की संभावना के कारण लू से राहत मिलने की उम्मीद है। राज्य में 13 जून तक जमकर बारिश होने की संभावना है। इससे यहां के लोगों को राहत मिलेगी। अधिकारियों ने बताया की मॉनसून आने के कारण नगालैंड, मेघालय एवं मिजोरम में अगले तीन दिन में और असम एवं अरुणाचल प्रदेश में अगले पांच दिन में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी जिलों- दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार एवं अलीपुरद्वार और सिक्किम में 10 जून तक भारी बारिश और उसके बाद 13 जून तक बहुत भारी वर्षा होने का अनुमान लगाया है।