रायपुर:प्रदेश में बढ़ते वायरल कंजक्टिवाइटिस के मामलों पर राज्य सरकार गंभीर है। इस पर आज मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आपात बैठक बुलाई। मुख्यमंत्री आवास में हुई इस बैठक में डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव, मुख्यसचिव अमिताभ जैन समेत स्वास्थ्य विभाग और स्कूल शिक्षा विभाग के अफसर हिस्सा थे। जानकारी के मुताबिक इस बैठक में आई फ्लू के रोकथाम की रणनीती पर चर्चा हुई।प्रदेश में आई फ्लू के मामले तेजी से बढ़े हैं। बीते सप्ताहभर 19 हजार 155 मरीज मिलने पर स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है। स्वास्थ्य विभाग ने राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों और जिला अस्पतालों में मोतियाबिंद के लिए नई गाइडलाइन जारी कर दी है। नेत्र विभाग के डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ के आंखों का चेकअप करने का निर्देश जारी किया गया है।आई फ्लू का सबसे ज्यादा खतरा स्कूली बच्चों को है। इसी लिए स्कूल और होस्टल्स के लिए गिडलाइंस बनाई गई हैं। स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों को इस संक्रमण के लक्षणों, उपचार और बचाव की जानकारी देने भी कहा है। आई फ्लू सम्पर्क से फैलने वाली बीमारी है जो तेजी से फैलती है।