छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर से सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग ने आज बारिश को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। बताया कि कल यानी 11 अगस्त से नए सिस्टम के असर से मौसम में बदलाव का अनुमान है। इस बदलाव से एक बार फिर से लगातार बारिश हो सकती है। नए सिस्टम का असर प्रदेश के दुर्ग समेत अन्य जिलों में दिख सकता है। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो बंगाल की खाड़ी में तैयार हो रहा मानसून 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक पहुंच गया है। इससे दुर्ग सहित प्रदेश के कुछ अन्य जिलों में भारी और कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। दुर्ग सहित छत्तीसगढ़ के कई जिलो में पिछले तीन दिनों से बारिश नहीं होने से उमस और गर्मी बढऩे से लोग परेशान हो रहे हैं।