भारत ने नेपाल को 10 विकेट से हराया, सुपर 4 में बनाई जगह;

भारत ने नेपाल को 10 विकेट से हराया, सुपर 4 में बनाई जगह;

एशिया कप 2023 का पांचवा मुक़ाबला भारत और नेपाल के बीच खेला गया। कैंडी के पल्लेकल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए बारिश से वाधित इस मैच में भारत ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए डकवर्थ लुईस नियम के तहत नेपाल को 10 विकेट से हरा दिया। रुक -रुक कर हो रही बारिश के चलते मैच को 50 ओवर से घटाकर 23 ओवर का करना पड़ा। इस जीत के साथ भारत ने पाकिस्तान के साथ सुपर 4 में जगह बना ली है।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नेपाल के बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी की और भारतीय गेंदबाजों के पसीने छुड़ा दिये। नेपाल ने 48.2 ओवर में सभी विकेट खोकर 230 रन बनाए। भारत के खिलाफ पहली बार खेल रही नेपाल की टीम ने भारतीय गेंदबाजों का डटकर मुकाबला किया और आसानी से विकेट नहीं दिये। टीम के लिए सलामी विकेटकीपर बल्लेबाज आसिफ शेख ने अर्धशतक लगाया। आसिफ ने 97 गेंदों 8 चौकों के मदद से 58 रन बनाए। उनके अलावा ऑलराउंडर सोमपाल कामी ने 56 गेंद पर दो सिक्स और एक चौके की मदद से 48 रन बनाए। भारत के लिए रवींद्र जड़ेजा और मोहम्मद सिराज ने तीन – तीन विकेट झटके।

नेपाल की पारी के बाद जैसे ही भारत बल्लेबाजी के लिए आया तेज बारिश होने लगी और मैच को रोकना पड़ा। भारत ने 2.1 ओवर्स में 17 रन बना लिए थे। ऐसे में जब मैच फिर से शुरू हुआ तो ओवरों में कटौती की गई और 50 से घटाकर 23 -23 ओवर का मैच कर दिया। डकवर्थ लुईस नियम के तहत अब भारत को 23 ओवर में 145 रन का लक्ष्य दिया गया। ऐसे में भारत को जीत के लिए अब 20.5 ओवर में 128 रन और बनाने थे। जो टीम इंडिया ने 20.1 ओवर में बिना कोई विकेट खोये हासिल कर लिया।

दोनों टीमों की प्लेइंग 11
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जड़ेजा, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज।

नेपाल: कुशल भुर्टेल, आसिफ शेख (विकेटकीपर), रोहित पौडेल (कप्तान), भीम शर्की, सोमपाल कामी, गुलसन झा, दीपेंद्र सिंह ऐरी, कुशल मल्ला, संदीप लामिछाने, करण केसी, ललित राजबंशी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *