अगस्त महीने में पहाड़ी राज्य हिमाचल में भारी तबाही मचाने के बाद सितंबर महीने में भी मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बीते कुछ दिनों से गर्मी और उमस ने लोगों का बुरा हाल कर रखा है। लेकिन अब कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदला है जिससे एक बार फिर बारिश का सिलसिला शुरू होने वाला है। IMD ने संभावना जताई है कि अगले दो दिनों तक देश के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश होगी। बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने के कारण 6 सितंबर से 9 सितंबर के बीच उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश होने के संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि तेलंगाना, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, बिहार, कर्नाटक,तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, पूर्वी राजस्थान, उत्तर प्रदेश, झारखंड, उत्तराखंड, गुजरात,गोवा,अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत में हल्की बारिश हुई।