तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में साइक्लोन ‘माइचौंग’ के कहर बरपाने के बाद तूफान और पश्चिमी विक्षोभ ने देश के मौसम का रुख बदल दिया है। तूफान के कारण पूरे कहीं मूसलाधार बारिश है तो कहीं तेज हवाओं का असर देखने को मिला। तूफान माइचौंग का देश के दक्षिणी राज्यों तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पुडुचेरी में असर दिखा, जहां जमकर बारिश हुई।भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के तरफ से जारी किए गए पूर्वानुमान के मुताबिक ‘मिचौंग’ के प्रभाव के कारण 6 दिसंबर को ओडिशा में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा के साथ दक्षिण तटीय और उससे सटे दक्षिण आंतरिक ओडिशा में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। पूर्वानुमान के अनुसार 6 दिसंबर को उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। वहीं, झारखंड में 7 दिसंबर तक हल्की से मध्यम वर्षा होने की उम्मीद है।
छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, आंतरिक ओडिशा, झारखंड के कुछ हिस्सों, गंगीय पश्चिम बंगाल और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। आंतरिक तमिलनाडु, कर्नाटक, मराठवाड़ा, केरल और दक्षिण मध्य महाराष्ट्र में हल्की बारिश संभव है। 24 घंटों के बाद मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है। ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों के साथ-साथ तमिलनाडु के उत्तरी तट पर समुद्र की स्थिति खराब से बहुत खराब रहेगी।