भारत के जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में आखिरकार दो महीनों का इंतजार खत्म हुआ है। जम्मू-कश्मीर में कड़ाके की ठंड बढ़ रही है। इस सीजन की सबसे ठंडी रात का पारा 2.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं हिमाचल प्रदेश के मनाली में अटल टनल पर बर्फबारी शुरू हो गई है। अटल टनल के पास शुक्रवार की सुबह बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। वहीं, धर्मशाला में सुबह सुबह हल्की बूंदाबादी हुई है। मौसम बदलने से पर्यटक में काफी खुशी है।देश के उत्तर भारतीयों राज्यों में फिलहाल कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। शुक्रवार 26 जनवरी के मौके पर भी आज सुबह दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, उत्तर भारत में घना कोहरा छाया हुआ है। इसके कारण विजिबिलिटी काफी प्रभावित हो रही है। वहीं, मौसम विभाग ने मौसम को लेकर राहत भरी जानकारी दी है। IMD की वेबसाइट पर अपडेट किए गए रिपोर्ट के मुताबिक, 26 और 27 जनवरी को पूरे उत्तर भारत में घना कोहरा रहेगा लेकिन उसके बाद धीरे-धीरे लोगों को राहत मिलने लगेगी। यानी कि 28 जनवरी से लोगों को कोहरे और ठिठुरन दोनों से ही राहत मिलने लगेगी।
IMD ने अपने ताजा रिपोर्ट में बताया है कि अगले दो दिनों के दौरान पंजाब, पूर्वी उत्तर प्रदेश, हरियाणा और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों और बिहार के अलग-अलग हिस्सों में ठंडे दिन से लेकर गंभीर ठंडे दिन की स्थिति जारी रहने की संभावना है। मध्य प्रदेश में एक-दो स्थानों पर कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में जमीन पर पाला पड़ सकता है।
अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव की उम्मीद नहीं है। वहीं, अगले 3 दिनों के दौरान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, राजधानी दिल्ली में कई फ्लाइट्स का या तो रुट डायवर्ट कर दिया गया है या वो काफी लेट चल रही है।