बजट सत्र 2024 शुरू होने से पहले रविवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने संसद भवन की सुरक्षा को लेकर कहा कि परिसर की मजबूत और अचूक सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में जोखिम और सदस्यों की गरिमा दोनों को ध्यान में रखा जाएगा।मुंबई में 27 जनवरी को शुरू हुए दो दिवसीय 84 वें अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारी सम्मेलन का रविवार को समापन हो गया। उपराष्ट्रपति एवं राज्य सभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने समापन भाषण दिया।लोकसभा अध्यक्ष के साथ-साथ महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, महाराष्ट्र विधान सभा के अध्यक्ष राहुल नार्वेकर और महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस भी मौजूद रहे और सम्मेलन को संबोधित भी किया। इस सम्मेलन में विभिन्न राज्यों के 16 विधान सभा अध्यक्षों समेत 18 राज्यों के 26 पीठासीन अधिकारियों ने हिस्सा लिया।