जनवरी का महीना खत्म होने जा रहा है। लेकिन उत्तर भारत के लोगों को ठंड से राहत मिलते हुए नहीें दिखाई दे रहा है। मंगलवार सुबह जब लोग उठे तो दिल्ली-NCR, यूपी-बिहार, राजस्थान समेत पूरा उत्तर भारत कोहरे की चपेट में था। हालांकि कुछ दिनों से ठंड से थोड़ी राहत जरुर मिली है। दिल्ली में 1-2 दिनों से धूप निकल रही है। लेकिन सुबह में घना कोहरा छाया रहता है। वहीं, अब मौसम विभाग ने कई राज्यों में 31 जनवरी से 4 फरवरी तक बारिश का अलर्ट जारी किया है।मौसम विभाग की तरफ से जारी की गई रिपोर्ट के मुताबिक, राजधानी दिल्ली में हल्के से मध्यम स्तर की बारिश की संभावना जताई है जिससे ठंड बढ़ने और तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है। IMD की तरफ से जारी किए गए बुलेटिन के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में कोल्ड डे से लेकर सीवियर कोल्ड डे की स्थिति बन सकती है। बिहार के कुछ हिस्सों में और उत्तराखंड में एक या दो स्थानों पर ऐसी स्थितियां संभव हैं।