भारत की रेलपटरियों पर मार्च से शयनयान श्रेणी की वंदेभारत ट्रेन दौड़ना शुरू हो जाएगी। मोदी सरकार लोकसभा चुनाव 2024 से पहले वंदेभारत स्लीपर ट्रेन लांच करने की तैयारी में है। चेन्नई के पेरंबूर इंटीग्रल कोच फैक्ट्री में दस ट्रेनों को तैयार किया जा रहा है। फरवरी के अंतिम सप्ताह से रोल आउट भी शुरू हो जाएगा।रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी दी है कि इस तय समय में लांच कर दिया जाएगा। नई वंदेभारत स्लीपर ट्रेन की इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट का ट्रायल रन दिल्ली से मुंबई और हावड़ा के बीच करने की तैयारी है। इसके बाद अधिक ट्रेनों को जरूरत के अनुसार तैयार किया जाएगा। रेलवे दिल्ली से देश के किसी भी कोने में 24 घंटे के अंदर रेलयात्रियों को पहुंचने की तैयारी कर रहा है। यह ट्रेन रेलवे के इस मंसूबे को सफल बना सकती है।