मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर लालघाटी स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज का दिन हम सबके लिए विशेष है। आज पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि है, जिन्होंने जनसंघ की स्थापना से लेकर अंतिम सांस तक, अपने जीवन को यज्ञ में आहुति की तरह समर्पित करते हुए देश ही नहीं पूरी दुनिया में भारतीय संस्कृति की पताका फहराई और राजनीति का एक बड़ा दर्शन दिया। इस दर्शन को विश्व, एकात्मक मानव दर्शन के रूप में जानता है। गरीब से गरीब व्यक्ति के जीवन में बदलाव आये, उन्हें मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों और उनका जीवन सफल हो ऐसे हर संभव प्रयास करना इस दर्शन का मूल भाव है। सभी के कल्याण के सुंदर विचार लेकर जिन्होंने राजनीतिक यात्रा का नेतृत्व किया ऐसे पंडित दीनदयाल उपाध्याय की स्मृति में समर्पण दिवस का आयोजन हम सबको गौरान्वित करने वाला है। डॉ. यादव ने संगठन द्वारा आरंभ आजीवन सहयोग निधि संग्रहण में अपना योगदान भी दिया।