भारतीय नौ सेना के बेड़े की ताकत अब और बढ़ने जा रही है। भारतीय नौ सेना कोच्चि में समंदर में पनडुब्बी की तलाश कर उसे मार गिराने वाले एमएच 60 आर को अपने बेड़े में शामिल करने जा रही है। इसे रोमियो हेलिकॉप्टर भी बुलाते हैं। यह हेलीकॉप्टर स्वदेशी विमानवाहक युद्धपोत IAC Vikrant की भी ताकत बढ़ाने का काम करेगा।भारतीय नौसेना के अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि रक्षामंत्री राजनाथ सिंह छह मार्च को यहां-आईएनएस गरुड़ में शामिल नए एमएच 60 आर सीहॉक बहुउद्देश्यीय हेलीकॉप्टर को बेड़े में शामिल करेंगे। इस स्कवाड्रन को कैप्टन एम अभिषेक राम की कमान के तहत आईएनएएस 334 के रूप में भारतीय नौसेना में शामिल किया जाएगा।