राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा है कि पीड़ित मानवता की सेवा ही परमेश्वर की सच्ची सेवा है। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस द्वारा प्रदेश में किए जा रहे कार्य, मानवता की सेवा का माध्यम है। जिला ईकाईयाँ सेवा के इस अभियान में बेहतर से बेहतर कार्य करने का प्रयास करें। रेडक्रॉस गरीबों और पीड़ितों तक चिकित्सा सेवायें पहुँचाने के लिए विशेष कदम उठाएं। श्री पटेल आज राजभवन के सांदीपनि सभागार में स्टेट रेडक्रॉस की वार्षिक साधारण सभा को संबोधित कर रहे थे। राज्यपाल के प्रमुख सचिव श्री संजय कुमार शुक्ल और रेडक्रॉस सोसाईटी के चेयरमेन डॉ. गगन कोल्हे भी मौजूद थे।
राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि समाज के ग़रीब, वंचित और ज़रूरतमंदों तक स्वास्थ्य सेवायें पहुँचाने में रेडक्रॉस की भूमिका अत्यन्त महत्वपूर्ण है। रेडक्रॉस शासकीय चिकित्सालयों में आधुनिक उपचार संसाधनों की आपूर्ति में सहयोग के लिए समृद्ध वर्ग को भी जोड़ें। नए कॉलेजों को युवक रेडक्रॉस में पंजीकृत करने का अभियान चलायें। युवाओं को भी सामाजिक सरोकारों के लिए संस्कारित कर योगदान देने के अवसर उपलब्ध कराए। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस द्वारा टी.बी. जागरूकता के अभियान में निक्षय मित्र बनाने का कार्य सराहनीय हैं। उन्होंने सिकल सेल एनीमिया के रोगियों की मदद के लिए जन सहयोग का अभियान चलाए जाने की आवश्यकता बताई। श्री पटेल ने कहा कि सिकल सेल उन्मूलन के लिए चिकित्सकों और मेडिकल स्टॉफ़ में संवेदनशीलता बहुत ज़रूरी है। वर्ष 2047 तक सिकल सेल उन्मूलन के लिए जनजातीय बाहुल्य जिलों में चिन्हांकन, इलाज और काउंसिलिंग का कार्य तेज गति से सुनिश्चित किया जाये।