अमेरिका में गोलीबारी की घटनाएं कम होने के बजाय बढ़ती जा रही है। स्कूलों, स्टेशन, मार्केट में गोलीबारी से कई लोग मारे जा चुके हैं। अब न्यूयॉर्क में ऐसी ही गोलीबारी का मामला सामने आया है। जहां एक सबवे ट्रेन में फायरिंग हुई। इस घटना में एक 36 साल का शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया। हैरानी की बात ये है कि जिस शख्स को गोली मारी गई है वही शख्स आरोपी व्यक्ति पर पहले आक्रामक हुआ था। उसने बंदूक और धारदार हथियार के दम पर आरोपी व्यक्ति को जान से मारने की धमकी दी थी। फिर इस आरोपी शख्स ने उसके हाथ से बंदूक छीन ली फिर ताबड़तोड़ 4 गोलियां चलाई, जिससे व्यक्ति के सिर में गोली लग गई। इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
ये घटना न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन की है। यहां के नॉस्ट्रैंड एवेन्यू स्टेशन पर ट्रेन में एक 32 साल का व्यक्ति ट्रेन में चढ़ा लेकिन कुछ देर बाद उसी कोच में सफर कर रहे एक 36 साल के शख्स से उसका झगड़ा हो गया। वीडियो में देखा जा सकता है कि पहले काफी तूतू-मैंमै होने के बाद इन दोनों व्यक्तियों में हाथापाई होती है इसके बाद 36 साल के शख्स ने सामने वाले को पहले चाकू से डराया फिर बंदूक निकाल ली और उसे जान से मारने की धमकी देने लगा।
इस वीडियो में एक महिला को उनसे विनती करते हुए भी देखा जा सकता है कि उसने यहां तक कहा था कि इस कोच में छोटे बच्चे भी हैं, आप ये सब ना करें। हालांकि ये झगड़ा फिर भी खत्म नहीं होता और फिर एक के बाद एक 4 गोलियां चलने की आवाज़ आती है लेकिन ये गोली उसने नहीं चलाई जिसके पास बंदूक थी बल्कि झगड़ा कर रहे दूसरे शख्स ने उससे य़े बंदूक छीन ली थी और उस पर चला दी थी। इस वारदात से कोच में मौजूद सभी लोग डर गए थे और चीखने-चिल्लाने लगे थे। इसके बाद ट्रेन जैसे ही डाउनटाउन ब्रुकलिन के होयट-शेमरहॉर्न स्टेशन पर रुकी तो सभी लोग ट्रेन से नीचे उतर गए और भागने लगे।