मध्यप्रदेश में की जिलों का तापमान 40 डिग्री के पार जा पहुंचा है। कड़ाके की ठंड और ओला-बारिश के बाद अब मध्य प्रदेश इस बार भीषण गर्मी की मार झेलने वाला है। ये हम नहीं बल्कि मौसम विभाग की ओर से कहा गया है। इसकी बानगी फिलहाल मध्य प्रदेश के बड़े इलाके में देखने को मिल रही है। सूबे में इन दिनों सुबह से ही तेज धूप चटकने लगी है। हाल ये है कि प्रदेश का औसत तापमान 40 डिग्री से पार जाने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, छतरपुर और निवाड़ी के पृथ्वीपुर में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री दर्ज हुआ है। वहीं बिजावर में न्यूनतम तापमान 15.7 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है।