IPL में मुंबई ने पंजाब को 9 रन से हराया:

IPL में मुंबई ने पंजाब को 9 रन से हराया:

आशुतोष शर्मा ने मुंबई के जबड़े से जीत छीन ही ली थी, लेकिन आखिरी ओवर में जैसे-तैसे हार्दिक पंड्या एंड कंपनी मैच अपने नाम करने में कामयाब रही। टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने सात विकेट खोकर 192 रन बनाए थे। जवाब में पंजाब किंग्स की शुरुआत भले ही खराब रही, लेकिन बाद में शशांक सिंह और फिर आशुतोष शर्मा ने बाजी पलट दी। आशुतोष ने 21 गेंद में तूफानी 68 रन बनाए और पंजाब को जीत के मुहाने पर लाकर खड़ा कर दिया, लेकिन 18वें ओवर में उनका आउट होना मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। पंजाब 19.1 ओवर में 183 रन पर ऑलआउट होते हुए जीत से नौ रन दूर रह गई। मुंबई के लिए जसप्रीत बुमराह और गेराल्ड कॉएट्जी ने तीन-तीन विकेट झटके।

सूर्या की सीजन में दूसरी फिफ्टी
सूर्यकुमार यादव 53 गेंद में 78 रन बनाकर मुंबई के हाइएस्ट स्कोरर रहे। सूर्या ने 34 गेंद में अर्धशतक जमाया। अपनी पारी में उन्होंने सात चौके और तीन छक्के लगाए। अपना 250वां आईपीएल मैच खेल रहे रोहित शर्मा के साथ सूर्या ने दूसरे विकेट के लिए 57 गेंद में 81 और तिलक वर्मा के साथ 28 गेंद में 49 रन की साझेदारी की। रोहित ने 25 गेंद की पारी में दो चौके और तीन छक्के लगा कर 36 रन बनाए जबकि तिलक ने 18 गेंद पर नाबाद 34 रन की पारी में दो चौके और इतने ही छक्के मारे।

इस मैच में पंजाब किंग्स के लिए हर्षल पटेल ने 31 देकर तीन जबकि नियमित कप्तान शिखर धवन की गैरमौजूदगी में टीम की कमान संभाल रहे सैम करन ने 41 रन पर दो विकेट झटके। कागिसो रबाडा ने चार ओवर में 42 रन लुटा दिए और सिर्फ एक ही विेकेट ले पाए। पंजाब के लिए अर्शदीप सिंह सबसे महंगे गेंदबाज साहित हुए, जिन्होंने तीन ओवर में 11.66 की इकॉनमी से 35 रन खर्च कर दिए और कोई सफलता भी नहीं मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *