इंडियन प्रीमियर लीग 2024 के 34वें मुकाबले में केएल राहुल की शानदार अर्धशतकीय पारी की बदौलत लखनऊ सुपर जायंट्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 8 विकेट से हरा दिया। इकाना स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में धोनी की धमाकेदार कैमियो और रवींद्र जडेजा की अर्धशतकीय पारी की बदौलत 176 रन बनाए। 177 रन के लक्ष्य को लखनऊ सुपर जायंट्स के केएल राहुल के 82 रन की पारी की बदौलत 19वें ओवर में ही 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।177 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत शानदार रही और पहले विकेट के लिए केएल राहुल के साथ मिलकर क्विंटन डिकॉक ने शतकीय साझेदारी की। चेन्नई सुपर किंग्स को पहली सफलता 15वें ओवर की आखिरी गेंद पर मिली जब डिकॉक 54 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके और एक छक्का लगाया। इसके बाद निकोलस पूरन ने राहुल के साथ मिलकर टीम को 150 के पार पहुंचाया। केएल राहुल 53 गेंदों में 82 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 9 चौके और 3 छक्के लगाए।