निर्वाचन आयोग के अनुसार, त्रिपुरा में सर्वाधिक 80.17 प्रतिशत और बिहार में सबसे कम 48.50 वोट डाले गए। पहले चरण में सबसे ज्यादा 102 सीटों पर मतदान कराया जा रहा है। पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, मणिपुर सहित कुछ राज्यों में छिटपुट हिंसा के बीच आमतौर पर मतदान शांतिपूर्ण रहा। अरुणाचल प्रदेश की 60 और सिक्किम की सभी 32 विधान सभा सीटों पर भी आज मतदान कराया गया।
पहली बार मताधिकार पाने वाले युवा मतदाताओं में वोट डालने का खासा उत्साह नजर आया। आयोग के अऩुसार, सभी 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में पहले चरण की मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से और शांतिपूर्वक रही है। 18वीं लोकसभा के 543 सदस्यों को चुनने के लिए आम चुनाव 19 अप्रैल से 1 जून तक सात चरणों में होंगे। नतीजे 4 जून को घोषित किए जाएंगे।
चुनाव आयोग ने मतदान को स्वतंत्र और निष्पक्ष तरह से संपन्न कराने के लिए पर्यवेक्षकों की तैनाती के अलावा सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए। मुख्य निर्वाचन आयुक्त अपने दो सहयोगी चुनाव आयुक्तों ज्ञानेश कुमार और सुखवीर सिंह संधू के साथ आयोग के मुख्यालय से पूरी प्रक्रिया पर निगाह रखी।