लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत देश के 13 राज्यों एवं संघ शासित प्रदेशों के 88 लोकसभा सीटों पर मतदान शुरू हो चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में हो रहे मतदान के लिए मतदाताओं से रिकॉर्ड संख्या में मतदान करने की अपील की है। उन्होंने खासतौर से युवा और महिला मतदाताओं से बढ़-चढ़कर वोट करने का आह्वान किया है। वही, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए लोगों से स्वयं मतदान करने के साथ ही अपने मित्रों एवं परिजनों को भी मतदान करने के लिए उत्साहित करने की अपील की है।प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जितना अधिक मतदान होगा, उतना ही मजबूत हमारा लोकतंत्र होगा। पीएम मोदी ने हिंदी और अंग्रेजी सहित विभिन्न क्षेत्रीय भाषाओं में एक्स पर पोस्ट कर मतदाताओं से वोट अवश्य करने का आग्रह करते हुए कहा, लोकसभा चुनाव में आज दूसरे चरण की सभी सीटों के मतदाताओं से मेरा विनम्र अनुरोध है कि वे रिकॉर्ड संख्या में मतदान करें। जितना अधिक मतदान होगा, उतना ही मजबूत हमारा लोकतंत्र होगा। अपने युवा वोटर्स के साथ ही देश की नारी शक्ति से मेरा यह विशेष आग्रह है कि वोट डालने के लिए वे बढ़-चढ़कर आगे आएं। आपका वोट आपकी आवाज है!