लोकसभा चुनाव के छठे चरण में कुल 63.37 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। दिल्ली की सात सीटों पर 58.69 प्रतिशत मतदान हुआ। दिल्ली में उत्तर पूर्वी दिल्ली में सबसे अधिक 62.89 प्रतिशत और नई दिल्ली में सबसे कम 55.43 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। छठे चरण में 58 संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों (पीसी) के लिए मतदान हुआ। अगर छठे चरण के लिए लिंग के आधार पर मतदान के आंकड़ों को देखें तो 61.95 प्रतिशत पुरुषों ने मतदान किया। महिला मतदान 64.95 प्रतिशत रहा। थर्ड जेंडर का मतदान प्रतिशत 18.67 रहा और कुल मतदान 63.37 प्रतिशत था।
छठे चरण के मतदान की जानकारी देते हुए चुनाव आयोग ने बताया कि उम्मीदवारों को उनके मतदान एजेंटों के माध्यम से निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्येक मतदान केंद्र के लिए फॉर्म 17सी की प्रति भी प्रदान की जाती है। फॉर्म 17सी का वास्तविक डेटा मान्य होगा, जो मतदान के दिन ही उम्मीदवारों के साथ साझा किया गया है।
आयोग का कहना है कि अंतिम मतदान केवल डाक मतपत्रों की गिनती और कुल मतों की गिनती में इसके जुड़ने के बाद ही उपलब्ध होगा।