गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू कश्मीर के क़ानून व्यवस्था पर की समीक्षा बैठक

गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू कश्मीर के क़ानून व्यवस्था पर की समीक्षा बैठक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह वाले दिन यानी 9 जून से लेकर लगातार चार दिन जम्मू कश्मीर में हुए आतंकी हमले के बाद गृह मंत्रालय ने राज्य की क़ानून व्यवस्था को लेकर बड़ी समीक्षा बैठक की। मिली जानकारी के मुताबिक़ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू कश्मीर के हालात पर प्रधानमंत्री से भी बात की है। बताया जा रहा है कि अमित शाह लगातार हो रहे हमलों के बाद से राज्य के उप राज्यपाल सहित तमाम आला अफ़सरों से संपर्क में हैं।

गृह मंत्री की समीक्षा बैठक में मंत्रालय के अफ़सरों के अलावा, जम्मू-कश्मीर पुलिस के डीजीपी, सीआरपीएफ के अधिकारी और इंटेलिजेंस ब्यूरो के वरिष्ठ अफ़सर मौजूद रहे।

गृह मंत्रालय में 16 जून को जम्मू कश्मीर के उप राज्यपाल, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार, राज्य के डीजीपी, मुख्य सचिव, इंटेलिजेंस ब्यूरो के डायरेक्टर, केंद्रीय गृह सचिव समेत कई आला अफ़सरों के साथ भी बैठक बुलायी गई है।

16 जून को होने वाली गृह मंत्रालय की बैठक में आगामी अमरनाथ यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की जाएगी। ग़ौरतलब है कि जून के आख़िरी हफ़्ते से पवित्र अमरनाथ गुफा की यात्रा भी शुरू होने जा रही है। इस बार की यात्रा बेहद महत्वपूर्ण है। साथ ही सरकार और सुरक्षा बलों के लिए यात्रियों की सुरक्षा एक बड़ी चुनौती भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *