लोकसभा में राहुल गांधी पर पीएम मोदी का निशाना

लोकसभा में राहुल गांधी पर पीएम मोदी का निशाना

लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में हिस्सा लेते हुए मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा, “1984 के बाद देश में 10 चुनाव हुए हैं और 10 चुनावों में कांग्रेस ढाई सौ का आंकड़ा नहीं छू पाई है। इस बार ये किसी तरह 99 के फेर में फंसे हैं। मुझे एक किस्सा याद आता है। 99 मार्क्स लेकर एक व्यक्ति घूम रहा था और दिखाता था कि देखो 99 मार्क्स आए हैं। लोग भी शाबासी देते थे। टीचर आए और कहा कि किस बात की बधाई दे रहे हो। ये सौ में से 99 नहीं लाया। ये 543 में से 99 लाया है। अब बालक बुद्धि को कौन समझाए।”पीएम मोदी ने आगे कहा, ”कांग्रेस के लिए भी इस देश की जनता ने जनादेश दिया है। ये जनादेश है, वहीं बैठो। विपक्ष में ही बैठो और तर्क खत्म हो जाए तो चीखते रहो, चिल्लाते रहो। कांग्रेस के इतिहास का ये पहला मौका है, जब लगातार तीन बार कांग्रेस सौ का आंकड़ा पार नहीं कर पाई है। कांग्रेस के इतिहास में ये तीसरी सबसे बड़ी हार है। तीसरा सबसे खराब प्रदर्शन है। अच्छा होता कांग्रेस अपनी हार स्वीकार करती, जनता जनार्दन के आदेश को स्वीकार करती, आत्ममंथन करती। लेकिन, ये तो शीर्षासन करने में लगे हैं। ये दिन-रात नागरिकों के मन में यह स्थापित करने में लगे हैं कि जनता ने हमें हरा दिया है। आजकल बच्चे का मन बहलाने का काम चल रहा है और कांग्रेस के लोग, उनका इकोसिस्टम, ये मन बहलाने का काम कर रहा है। कांग्रेस और उसका इकोसिस्टम लोगों को यह समझाने की कोशिश कर रहा है कि उन्होंने हमें हरा दिया है।”

पीएम मोदी ने कहा, “आज एक गंभीर विषय पर आपका और देशवासियों का ध्यान आकर्षित करना चाहता हूं। कल जो हुआ, देश के कोटि-कोटि वासी सदियों तक माफ नहीं करेंगे। 131 साल पहले स्वामी विवेकानंदजी ने शिकागो में कहा था कि मुझे गर्व है कि मैं उस धर्म से आता हूं जिसने पूरी दुनिया को सहिष्णुता और वैश्विक स्वीकृति सिखाई है। विवेकानंदजी ने शिकागो में हिंदू धर्म के लिए दुनिया के दिग्गजों के सामने कहा था। हिंदू के कारण ही भारत की विविधता पनपी है और पनप रही है। गंभीर बात है कि आज हिंदुओं पर झूठा आरोप लगाने की साजिश हो रही है, गंभीर षड़यंत्र हो रहा है। ये कहा गया हिंदू-हिंदू हिंसक होते हैं। ये है आपका संस्कार, आपका चरित्र, आपकी सोच, आपकी नफरत। देश के हिंदुओं के साथ ये कारनामे। ये देश शताब्दियों तक इसे भूलने वाला नहीं है।

पीएम ने आगे कहा, “कुछ दिन पहले हिंदुओं में जो शक्ति की कल्पना है, उसके विनाश की कल्पना की गई थी। ये देश सदियों से शक्ति का उपासक रहा है। ये बंगाल मां दुर्गा की, मां काली की पूजा करता है, उपासना करता है,आप उस शक्ति के विनाश की बात करते हो। ये वो लोग हैं जिन्होंने हिंदू आतंकवाद ये शब्द गढ़ने की कोशिश की थी। इनके साथी हिंदू धर्म की तुलना डेंगू, मलेरिया ऐसे शब्दों से करें, ये देश कभी माफ नहीं करेगा. एक सोची-समझी साजिश के तहत इनका पूरा इकोसिस्टम हिंदू परंपरा को नीचा दिखाना, अपमानित करना, मजाक उड़ाना ये फैशन बना दिया है। हम बचपन से सीखते हुए आए हैं, गांव का हो शहर का हो, अमीर हो गरीब हो, ईश्वर का हर रूप दर्शन के लिए होता है। ईश्वर का कोई भी रूप निजी स्वार्थ के लिए, प्रदर्शन के लिए नहीं होता। जिसके दर्शन होते हैं, उनके प्रदर्शन नहीं होते। हमारे देवी-देवताओं का अपमान 140 करोड़ देशवासियों के हृदय को गहरी चोट पहुंचा रहा है। निजी राजनीतिक स्वार्थ के लिए ईश्वर के रूपों का इस तरह से खेल। सदन में कल का दृश्य देखकर अब हिंदू समाज को सोचना पड़ेगा कि क्या ये अपमान कोई संयोग है या बड़े प्रयोग की तैयारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *