भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने पूरे उत्तर भारत में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने बताया है कि अगले 3 से 4 घंटे में उत्तर भारत के सभी राज्यों में बारिश होने जा रही है। पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में बहुत ही भारी बारिश की संभावना है। उत्तराखंड में अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है। नई दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान है।
मौसम विभाग ने बताया है कि उत्तर भारत के साथ मध्य भारत में बहुत अधिक बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके साथ ही अगले 5 दिनों में पश्चिमी तट, पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के कई हिस्सों और उत्तर प्रदेश में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके कारण कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति देखने को मिल सकती है।
IMD के मौसम वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार ने बताया है कि मानसून अभी सक्रिय चरण में है। उसके प्रभाव से उत्तर भारत में आज के दिन लगभग सभी जगहों पर भारी बारिश की संभावना बन रही है। इसके साथ ही आने वाले 4-5 दिनों तक भी दिल्ली सहित पूरे उत्तर एवं मध्य भारत में बारिश का दौर जारी रहेगा।