IMD ने मध्य प्रदेश और राजस्थान में आज भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। मध्य प्रदेश में पिछले 3 दिन से लगातार तेज बारिश का दौर जारी है। इस वजह से 10 बड़े डैम फुल हो गए हैं। राज्य में 21 जून को मानसून की एंट्री के बाद से अब तक 58% यानी 21.6 इंच बारिश हो चुकी है। यह सामान्य से 2.6 इंच ज्यादा है।
राजस्थान में मानसून सीजन में अब तक 21% ज्यादा बरसात हो चुकी है। राज्य में आमतौर पर 1 जून से 3 अगस्त तक 231.3MM औसत बरसात होती है, जबकि इस सीजन में अब तक 280.6MM बरसात हाे चुकी है।हिमाचल प्रदेश में बीते कुछ दिनों में बादल फटने की घटनाओं के कारण 114 सड़कें बंद हैं। मौसम विभाग ने राज्य में 7 अगस्त तक भारी बारिश का अनुमान जताया है और यलो अलर्ट जारी किया है। राज्य में 27 जून से 1 अगस्त के बीच बारिश, बाढ़ और लैंडस्लाइड में 79 लोगों की मौत हुई है।मौसम विभाग ने रविवार (4 अगस्त) के लिए महाराष्ट्र के पालघर, पुणे, सतारा के लिए भी रेड अलर्ट जारी किया है। ठाणे, नासिक, मुंबई, रायगढ़, सिंधुदुर्ग में ऑरेंज अलर्ट है। पालघर में शनिवार (3 अगस्त) को नदी पार करते वक्त 21 साल का युवक पानी में बह गया। उसके दोस्त ने किसी तरह अपनी जान बचाई। युवक की तलाश की जा रही है। अधिकारियों ने लोगों को नदी, नालों, समुद्र, झरने, तालाब के पास जाने से मना किया है।
IMD ने आज उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, बिहार, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, गोवा, पंजाब, हरियाणा, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, चंडीगढ़, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, सिक्किम, असम, मेघालय, केरल, तमिलनाडु राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।