राज्यपाल श्री पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किया बी.यू. के डिजिटल मार्कशीट और डिग्री वितरण प्रणाली का शुभारंभ

राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा है कि विद्यार्थी जीवन में दीक्षांत शपथ का हर दिन मनन करें, सत्य का हमेशा पालन करें। अपने माता-पिता और गुरूजनों का सम्मान करें। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के द्वारा युवाओं को उनकी मौलिक प्रतिभा को निखारने का अवसर देकर विकसित भारत के निर्माण की महती जिम्मेदारी सौंपी है। शिक्षक इस दिशा में विद्यार्थियों का मार्ग दर्शन करें। स्वयं को नवीनतम ज्ञान और तकनीक से अपडेट रखें। चुनौतियों के समाधान के लिए उन्हें प्रेरित करें।

राज्यपाल श्री पटेल कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित बरकतउल्ला विश्वविद्यालय भोपाल के दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री श्री इंदर सिंह परमार, कुलगुरू प्रोफेसर सुरेश कुमार जैन सहित उच्च शिक्षा विभाग तथा विश्वविद्यालय के अधिकारी, संकाय तथा विभाग प्रमुख और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने डिजिटल मार्कशीट व डिग्री उपलब्ध कराने के नवाचार के लिए दी बधाई

राज्यपाल श्री पटेल तथा मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को ऑनलाइन डिजिटल मार्कशीट और डिग्री प्रदान करने की व्यवस्था का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विद्यार्थी सुश्री तनु गुलाटी को डिग्री और सुश्री अनुपमा कुजूर को पीएचडी की उपाधि डिजिटल स्वरूप में प्रदान की गई। बरकतउल्ला विश्वविद्यालय भोपाल विद्यार्थियों को ऑनलाइन डिजिटल मार्कशीट और डिग्री उपलब्ध कराने वाला देश का पहला विश्वविद्यालय है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस नवाचार के लिए विश्वविद्यालय को बधाई और शुभकामनाएं दी। दीक्षांत समारोह में राज्यपाल श्री पटेल तथा मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों तथा संकायों में स्नातक, स्नातकोत्तर तथा अन्य उच्चतर एकेडमिक स्तरों पर सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *