तमिलनाडु सरकार ने शनिवार को मंत्रिमंडल में फेरबदल किया। सीएम एमके स्टालिन ने अपने बेटे और खेल मंत्री उदयनिधि स्टालिन को डिप्टी सीएम बनाया है। उदयनिधि पिछले साल सनातन धर्म पर अपने बयान को लेकर चर्चा में रहे थे। उन्होंने सनातन धर्म की तुलना डेंगू-मलेरिया से की थी।
सीएम स्टालिन ने वी सेंथिल बालाजी को भी कैबिनेट में जगह दी है। बालाजी को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सुप्रीम कोर्ट से 26 सितंबर को जमानत मिली थी। बालाजी ने कैश फॉर जॉब स्कैम में गिरफ्तारी के 8 महीने बाद इस साल फरवरी में इस्तीफा दिया था।
राजभवन की तरफ से बताया गया कि सीएम स्टालिन ने राज्यपाल आरएन रवि से उदयनिधि को डिप्टी सीएम नॉमिनेट करने और कैबिनेट का विस्तार करने की सिफारिश की थी। राज्यपाल ने इसकी मंजूरी दे दी है। राजभवन में रविवार दोपहर 3.30 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा।