मुंबई से न्यूयॉर्क जा रहे एयर इंडिया के विमान को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इसके बाद हवाई जहाज को दिल्ली की तरफ डायवर्ट कर दिया गया। फिलहाल तलाशी जारी है। विमान को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड कराया गया। सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। वहीं पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां फ्लाइट की गहनता से जांच कर रही हैं।दिल्ली पुलिस की ओर से इसे लेकर जानकारी उपलब्ध कराई गई है। कहा गया है, मुंबई से न्यूयॉर्क जा रहे एयर इंडिया के एक विमान को फ्लाइट में बम की धमकी के मद्देनजर दिल्ली डायवर्ट कर दिया गया। विमान फिलहाल आईजीआई एयरपोर्ट पर खड़ा है और उसमें सवार यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है।