केंद्रीय मंत्रिमंडल की शुक्रवार को दिल्ली में बैठक हुई। इसमें 85 केंद्रीय विद्यालय , 28 नवोदय विद्यालय और दिल्ली मेट्रो के रिठाला-कुंडली कॉरिडोर के कंस्ट्रक्शन को मंजूरी दी गई।
सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया – देश में 85 नए केंद्रीय विद्यालय और 28 नवोदय विद्यालय बनाए जाएंगे। नवोदय विद्यालय उन जिलों में बनेंगे, जो अभी तक नवोदय विद्यालय स्कीम में नहीं थे।
वैष्णव ने कहा- नई शिक्षा नीति को लागू करने के लिए पीएम श्री स्कूल योजना लाई गई है। सभी केंद्रीय विद्यालयों और नवोदय विद्यालयों को पीएम श्री स्कूल के तौर पर तैयार किया गया है। जिससे इन्हें दूसरे स्कूलों के लिए मॉडल स्कूल बनाया जा सके।
उन्होंने कहा इन स्कूलों को बनाने के लिए 8232 करोड़ रुपए का बजट रखा गया है। केंद्रीय विद्यालय के लिए 5,872 करोड़ रुपए और नवोदय विद्यालय के लिए 2,360 करोड़ रुपए हैं। नए केंद्रीय विद्यालय से 82 हजार 560 छात्रों को नवोदय विद्यालय से 15 हजार 680 छात्रों फायदा होगा। इन स्कूलों के कारण 6700 जॉब जनरेट होंगी। केंद्रीय विद्यालय में 5388 रेगूलर ओपनिंग और नवोदय विद्यालय में 1316 ओपनिंग जनरेट होंगीं।