मुख्यमंत्री निवाड़ी में किसान सम्मेलन में हुए शामिल

मुख्यमंत्री निवाड़ी में किसान सम्मेलन में हुए शामिल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी आधुनिक भागीरथ हैं। उन्होंने मध्यप्रदेश को समृद्ध और खुशहाल बनाने के लिये 2 बड़ी नदी जोड़ो परियोजनाएँ सौगात के रूप में दी हैं। इन परियोजनाओं से हर खेत को पानी और हर व्यक्ति को पेयजल उपलब्ध होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी 25 दिसम्बर को पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के नदी जोड़ो अभियान के संकल्प को पूरा करने छतरपुर जिले के खजुराहो आ रहे हैं। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के लिये मैं निवाड़ी जिले के सभी नागरिकों को आमंत्रित करता हूँ। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को निवाड़ी में जन-कल्याण पर्व अंतर्गत आयोजित किसान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि केन-बेतवा लिंक परियोजना से बुन्देलखण्ड के हर खेत तक सिंचाई के लिए पानी पहुंचेगा। प्रदेश में बिजली की पर्याप्त आपूर्ति के साथ अब कृषि कार्य, उद्योग और पेयजल के लिए भरपूर पानी भी उपलब्ध होगा। देश की पहली नदी जोड़ो परियोजना से निवाड़ी के साथ संपूर्ण बुन्देलखण्ड का चहुँमुखी विकास भी संभव हो सकेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रतिवर्ष एक अक्टूबर को धूमधाम के साथ निवाड़ी जिले के स्थापना दिवस को गौरव दिवस के रूप में मनाये जाने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर “एक पेड़-माँ के नाम’’ पौधरोपण किया और राज्य सरकार की एक वर्ष की उपलब्धियों पर केन्द्रित विकास प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि केन-बेतवा परियोजना से निवाड़ी जिले के हर खेत में पानी और हर घर तक पेयजल की सुविधा मिलने के साथ पलायन भी रूकेगा और आने वाली पीढ़ी का भविष्य बेहतर बनेगा। उन्होंने “रहिमन पानी राखिए, बिन पानी सब सून, पानी गए न ऊबरे, मोती मानस चून’’ दोहा के माध्यम से पानी का महत्व एवं उपयोगिता के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि खेत को पानी मिलने पर अमृत रूपी फसल की पैदावार सुनिश्चित होती है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि केन-बेतवा परियोजना के साकार रूप लेने पर बुन्देलखण्ड की तस्वीर एवं तकदीर बदलेगी। खेती का स्तर समृद्ध होने से किसानों के जीवन में खुशहाली आएगी। पंजाब, हरियाणा से भी फसल उत्पादन में बुन्देलखण्ड आगे होगा। उन्होंने सलाह देते हुए कहा कि किसान किसी भी जरूरत पर अपनी खेती की जमीन न बेचें। केन-बेतवा परियोजना से पूरे बुंदेलखण्ड क्षेत्र में कृषि उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा और किसान समृद्ध होंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार का एक वर्ष पूरे होने पर 11 से 26 दिसम्बर तक जन-कल्याण पर्व मनाया जा रहा है। इसकी शुरूआत गीता जयंती से की गई। भोपाल में 5 हजार से अधिक आचार्यों और बटुकों द्वारा गीता का सामूहिक पाठ कर विश्व रिकॉर्ड बनाया गया। इसी प्रकार अन्य जिलों में भी कार्यक्रम के माध्यम से पहली बार गीता जयंती का वृहद स्तर पर सफल आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि जन्म के बाद कर्म योग, भक्ति योग एवं ज्ञान योग की त्रिवेणी से जीवन के आनंद का अलग ही महत्व है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भारत प्रगति की ओर अग्रसर है। केन-बेतवा परियोजना भी भागीरथी प्रयासों का परिणाम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *