देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार को सुबह 11:45 बजे दिल्ली के निगमबोध घाट पर राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने यह जानकारी शुक्रवार को दी। डॉ. मनमोहन सिंह का गुरुवार रात दिल्ली के एम्स अस्पताल में 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। गृह मंत्रालय के अनुसार, डॉ. सिंह का अंतिम संस्कार पूरे सैन्य और राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। रक्षा मंत्रालय से इस संबंध में सभी आवश्यक प्रबंध करने का अनुरोध किया गया है। अंतिम संस्कार से पहले, डॉ. मनमोहन सिंह के पार्थिव शरीर को कांग्रेस मुख्यालय में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा।केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शुक्रवार रात जानकारी दी कि सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के स्मारक के लिए स्थान आवंटित करने का निर्णय लिया है। यह जानकारी मनमोहन सिंह के परिवार और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को दी गई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को फोन कर डॉ. मनमोहन सिंह के स्मारक के लिए स्थान आवंटित करने की अपील की थी।