सहकारिता मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छता के संदेश को आत्मसात कर अपने कार्य क्षेत्र को भी स्वच्छ बनायें। स्वच्छता से ही सकारात्मकता का संचार होता है। जिस प्रकार हम घर और घर के आसपास स्वच्छता रखते हैं, उसी प्रकार अपने कार्यस्थल पर साफ-सफाई के लिये हर माह एक नियत तारीख पर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। मंत्री श्री सारंग ने गुरुवार को अपेक्स बैंक मुख्यालय परिसर में झाड़ू लगाकर साफ-सफाई कर अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष-2025 के तहत चलाये जा रहे स्वभाव स्वच्छता, संस्कार स्वच्छता अभियान की शुरूआत की। पूरे प्रदेश में 10 हजार से अधिक सहकारी संस्थाओं के परिसरों में यह अभियान एक साथ चलाया गया।
स्वभाव और संस्कारों में भी स्वच्छता जरूरी
मंत्री श्री सारंग ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष-2025 के अंतर्गत सहकारिता का उन्नयन, विकास और सहकारिता के माध्यम से देश का नवनिर्माण करना ही लक्ष्य है। समाज और देश के नवनिर्माण के लिये सहकारिता के माध्यम से पूरी कार्य पद्धति को सार्थक और सकारात्मक बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने स्वभाव और संस्कारों में भी स्वच्छता के साथ काम करने की बात कही। यह वर्ष सहकारिता के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण को समर्पित है।