प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 119वें एपिसोड में महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए देशभर की नारी शक्ति को नमन किया। पीएम मोदी ने घोषणा की कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च) के अवसर पर उनके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स महिलाओं के हवाले किए जाएंगे। यह अनूठी पहल उन महिलाओं के योगदान को सम्मानित करने के लिए है, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण उपलब्धियां हासिल की हैं।प्रधानमंत्री ने कहा, इस बार महिला दिवस पर मैं एक ऐसी पहल करने जा रहा हूं, जो हमारी नारी शक्ति को समर्पित होगी। इस विशेष अवसर पर मैं अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स जैसे एक्स (पूर्व में ट्विटर), इंस्टाग्राम को देश की कुछ प्रेरणादायी महिलाओं को एक दिन के लिए सौंपूंगा। ऐसी महिलाएं, जिन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किया है, अपने अनुभवों और उपलब्धियों को देशवासियों के साथ साझा करेंगी। प्लेटफॉर्म भले ही मेरा होगा, लेकिन वहां उनकी कहानियां, उनकी चुनौतियाँ और उनकी सफलता की यात्रा सुनाई देगी।पीएम मोदी ने महिलाओं को इस पहल में भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि इच्छुक महिलाएं ‘नमो ऐप’ पर बनाए गए विशेष फोरम के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं। यह अवसर महिलाओं को अपनी प्रेरक कहानियां पूरी दुनिया तक पहुंचाने का मंच देगा।