मौसम विभाग ने सोमवार को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत 22 राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है। झारखंड के कुछ इलाकों में ओले भी गिर सकते हैं, जबकि ओडिशा में बिजली गिरने की आशंका है। राजस्थान-तेलंगाना के कुछ इलाकों में हीटवेव और गुजरात में उमस भरी गर्मी हो सकती है।इस हफ्ते पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान और जम्मू एवं कश्मीर के तापमान में 3 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।मौसम विभाग के अनुसार, बीते 15 साल में यह दूसरा मौका है जब अप्रैल में ही दिल्ली के लोग लू का सामना कर रहे हैं। दिल्ली में साल 2011 के बाद 2022 में 8 से 11 अप्रैल तक लू चली थी।मध्यप्रदेश के पूर्वी हिस्से के 11 जिलों में सोमवार को हल्की बारिश हो सकती है। इनमें रीवा, सतना, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, पन्ना, मैहर, कटनी, उमरिया, शहडोल और अनूपपुर शामिल हैं।छत्तीसगढ़ के 7 जिले बेमेतरा, बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कोरबा, मुंगेली के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं 19 जिलों में बूंदाबांदी के आसार हैं।