मौसम विभाग ने गुरुवार को दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश सहित 12 राज्यों में हीटवेव की चेतावनी जारी की है। इस दौरान कई राज्यों में तापमान 3-5 डिग्री तक बढ़ सकता है। उत्तर प्रदेश में अगले 5 दिन में अधिकतम तापमान 47 डिग्री पहुंचने का अनुमान है।मध्य प्रदेश के 21 जिलों में हीटवेव यानी लू चलेगी। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और जबलपुर समेत अन्य जिलों में गर्मी का असर तेज रहेगा। यहां पारा 42 डिग्री के पार भी पहुंच सकता है।छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में लू का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक 3 दिनों तक दिन के तापमान में विशेष बदलाव होने के आसार नहीं है। रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में पारा 42 से 44 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।मौसम विभाग ने केरल, तमिलनाडु, अरुणाचल प्रदेश सहित 12 राज्यों में आज बारिश की संभावना जताई है। अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 27 अप्रैल तक भारी बारिश का अलर्ट है। असम और मेघालय में तेज आंधी-तूफान की आशंका है।
