मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार की देर शाम पुलिस मुख्यालय पहुँचकर कानून व्यवस्था की स्थिति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। बैठक में पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाना और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।नक्सल नियंत्रण की दृष्टि से बालाघाट की श्रेणी में सुधार होना है एक उपलब्धि
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य में नक्सल नियंत्रण कार्यों की समीक्षा में आज बालाघाट को गंभीर नक्सली गतिविधियों वाले जिलों की श्रेणी से बाहर आने की उपलब्धि सामने आई है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी नक्सल अपराध श्रेणी में सुधार हो रहा है। प्रदेश में विगत डेढ़ वर्ष में दुर्दान्त नक्सलियों को मार गिराया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश नक्सलियों के पूर्ण खात्मे के लिए संकल्पबद्ध है। केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह द्वारा दी गई डेडलाइन के अनुरूप आगामी वर्ष प्रदेश से नक्सलवाद पूरी तरह समाप्त कर दिया जाएगा। नक्सल उन्मूलन अभियान में नवीनतम तकनीक और संसाधन का अधिकतम उपयोग किया जा रहा है। साथ ही स्थानीय समुदाय को भी सुरक्षा तंत्र से जोड़ने के प्रयास किए गए हैं।