मौसम विभाग ने बुधवार को देश के 24 राज्यों में आंधी-बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया है। इसमें कर्नाटक, केरल, गुजरात, गोवा में भारी बारिश की चेतावनी है। मंगलवार को भी इन राज्यों में तेज बारिश हुई थी। मध्य प्रदेश के 40 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है। वहीं ग्वालियर-चंबल सहित 8 जिलों में लू चलने के आसार है। यूपी के 46 जिलों में बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट है। दिल्ली में मंगलवार को दिन का तापमान 41.8°C रिकॉर्ड किया गया। इसके साथ ही यहां गर्म हवा भी चली। मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले चार-पांच दिनों में केरल पहुंच सकता है, जबकि पूर्वानुमान 27 मई का है। यदि ऐसा होता है तो 2009 के बाद से समय से पहले दस्तक देने वाला पहला मॉनसून होगा। 2009 में 23 मई को ही केरल में मॉनसून पहुंच गया था। यूपी में मौसम का उलटफेर जारी है। पूर्वी हिस्से में जहां आंधी-बारिश का दौर चल रहा है। वहीं, पश्चिम और बुंदेलखंड में भीषण गर्मी पड़ रही है।