प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने गुजरात दौरे के दूसरे दिन गांधीनगर पहुंचे। पीएम मोदी यहां गुजरात शहरी विकास योजना के 20वीं वर्षगांठ समारोह में शामिल हुए। प्रदेश को करोड़ों की सौगात दी और एक बार फिर ऑपरेशन सिंदूर को सफल बनाने के लिए सेना के शौर्य की प्रशंसा की। प्रधानमंत्री ने आजादी के समय हुई गल्तियों का भी जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि वह दो दिन से गुजरात में है। कल वडोदरा, दाहोद, भुज, अहमदाबाद और आज गांधीनगर में है। वह जहां-जहां गया, वहां गर्जना करता सिंदूरिया सागर और लहराता तिरंगा जन-जन के हृदय में मातृभूमि के प्रति अपार प्रेम और देशभक्ति का ज्वार देखने को मिल रहा है। ये दृश्य सिर्फ गुजरात में नहीं हैं, हिंदुस्तान के कोने-कोने में हैं, हर हिंदुस्तानी के दिल में हैं।पीएम मोदी ने साल 1947 के दर्द को बयां करते हुए कहा कि इस वर्ष में मां भारती के टुकड़े हुए। कटनी चाहिए थी जंजीरें, लेकिन काट दी गईं भुजाएं। देश के तीन टुकड़े कर दिए गए और उसी रात पहला आतंकी हमला कश्मीर की धरती पर हुआ। मां भारती का एक हिस्सा आतंकवादियों के बलबूते पर मुजाहिदीनों के नाम पर पाकिस्तान ने हड़प लिया। अगर उसी दिन इन मुजाहिदीनों को मौत के घाट उतार दिया गया होता और सरदार पटेल की बात मान ली गई होती, तो 75 साल से चला आ रहा ये सिलसिला देखने को नहीं मिलता।