मौसम विभाग के मुताबिक मानसून के दक्षिणी और पूर्वाेत्तर के राज्यों में ठहरने के चलते उत्तर भारत में अगले दो दिन तेज गर्मी पड़ सकती है। मध्य प्रदेश समेत 7 उत्तरी राज्यों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ के हालात में शनिवार को भी सुधार हुआ। नदियों का जलस्तर घटने लगा है, जबकि 24 जिलों में 33 हजार लोग अभी भी प्रभावित हैं। मध्यप्रदेश में आंधी, बारिश और गरज-चमक के साथ लू भी चलेगी। रविवार को दक्षिणी हिस्से के 8 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है, जबकि 9 और 10 जून को ग्वालियर-चंबल में हीट वेव यानी, लू भी चल सकती है। छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है, जिससे बीते 6 दिनों से कई जिलों में न बारिश हुई, न बादल छाए। गर्मी और उमस ने लोग बेहाल है। खासकर रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग में दिन का तापमान लगातार 41-44 डिग्री के बीच बना हुआ है। हिमाचल प्रदेश में अगले 4 दिन मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। मैदानी इलाकों में इससे गर्मी का प्रकोप बढ़ेगा। प्रदेश के 7 शहरों का तापमान पहले ही 35 डिग्री सेल्सियस पार हो गया है।