राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट है। यहां तापमान 45 डिग्री से ऊपर जा सकता है। वहीं, हरियाणा के 9 जिलों में दिन का तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। देश में मानसून 29 मई से मुंबई-छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर रुका है। साउथ और नॉर्थ-ईस्ट के राज्यों को छोड़कर सभी राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश सहित 9 राज्यों में आज हीटवेव का अलर्ट है। मौसम विभाग ने कर्नाटक, गोवा, केरल, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तेलंगाना और उत्तराखंड में भारी बारिश की संभावना जताई है। मध्यप्रदेश में 15 और 16 जून को भारी बारिश का अलर्ट है। दक्षिणी हिस्से के पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, खंडवा में 24 घंटे में ढाई से 4.5 इंच तक बारिश हो सकती है। उत्तर प्रदेश में गर्म हवा के थपेड़ों के साथ भीषण गर्मी का कहर जारी है। हालांकि, मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के 35 जिलों में बारिश और आंधी की संभावना जताई है। जबकि 14 जिलों में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है। छत्तीसगढ़ में आज मौसम में कोई खास बदलाव होने की उम्मीद नहीं है। तापमान सामान्य से कम रहेगा। मौसम विभाग ने आज दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के 14 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 50 से 60 किमी की रफ्तार से हवा चल सकती है।