देश के अधिकतर हिस्सों में जुलाई में सामान्य से ज्यादा बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने सोमवार को यह जानकारी दी। साथ ही मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हरियाणा के लोगों को बाढ़ से सतर्क रहने की सलाह दी है। उत्तरकाशी जिले में सिलाई बैंड और ओजरी के पास भूस्खलन और कुछ हिस्सों के बह जाने के कारण यमुनोत्री हाईवे बंद हो गया है। उत्तराखंड में भी भारी बारिश का दौर जारी है। सोमवार को कोटद्वार-बद्रीनाथ मार्ग पर सतपुली के पास लैंडस्लाइड हुई। इस वजह से पौड़ी-मेरठ नेशनल हाईवे बंद हो गया। बिहार में मानसून पूरी तरह से एक्टिव है। मौसम विभाग ने आज 16 जिलों के लिए बारिश की चेतावनी जारी की है। छत्तीसगढ़ में आज बारिश होने की चेतावनी है। बिलासपुर-कोरबा समेत 18 जिलों में गरज चमक के साथ पानी बरसेगा। वहीं रायपुर-धमतरी समेत 15 जिलों में बिजली गिर सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले पांच दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में आंधी-बारिश की स्थिति बनी रहेगी।हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सोमवार रात 4 जगह बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। मध्य प्रदेश के आधे हिस्से में मंगलवार को अति भारी या भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, यहां अगले 24 घंटे में ढाई से 8 इंच तक पानी गिर सकता है।