ट्रंप के व्यापार सलाहकार पीटर नवारो ने यूक्रेन में चल रही लड़ाई को ‘मोदी वॉर’ कहा है। बुधवार को एक टीवी इंटरव्यू में उन्होंने भारत पर आरोप लगाया कि वह इस जंग को बढ़ावा दे रहा है और दोहरा खेल खेल रहा है।
नवारो के मुताबिक, भारत रूस से सस्ता कच्चा तेल खरीदकर उसे रिफाइन करता है और फिर ऊंचे दाम पर बेचता है। इस तरह रूस को युद्ध के लिए पैसे मिल रहे हैं और वह यूक्रेन पर हमला जारी रख पा रहा है। नवारो ने चेतावनी दी कि रूस और चीन के साथ भारत के बढ़ते संबंध दुनिया के लिए खतरा हैं। उन्होंने भारत को तानाशाहों के साथ मिलने वाला देश बताया और कहा कि चीन ने उसके कई हिस्सों पर कब्जा कर लिया है।
नवारो ने यह भी कहा कि भारत का रूसी तेल खरीदना अमेरिका के लिए नुकसानदायक है। उन्होंने कहा कि भारतीय नेता अमेरिका के सामने कहते हैं कि वे रूसी तेल खरीदना बंद नहीं करेंगे। इससे अमेरिकी टैक्सपेयर्स का पैसा भी बर्बाद हो रहा है, क्योंकि रूस उस पैसे से यूक्रेन पर हमले कर रहा है, जिसके बाद यूक्रेन को मदद देने के लिए अमेरिका को और पैसा देना पड़ता है।
नवारो ने भारत की ऊंची टैरिफ पॉलिसी की भी आलोचना की और आरोप लगाया कि इससे अमेरिका में नौकरियां जा रही हैं, कारखाने बंद हो रहे हैं और लोगों की कमाई कम हो रही है। उन्होंने कहा कि भारत की इन नीतियों से सभी को नुकसान हो रहा है।
यह ध्यान देने वाली बात है कि अमेरिका ने हाल ही में भारतीय सामानों पर 50% का टैरिफ लगाया है। नवारो ने इस कदम का बचाव किया और भारतीय व्यापार नीतियों को गलत बताया।