प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को दिल्ली के यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में सेमीकॉन इंडिया-2025 का उद्घाटन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि अगर पिछली सदी में तेल ‘ब्लैक गोल्ड’ था, तो 21वीं सदी में चिप्स ‘डिजिटल डायमंड’ हैं। उन्होंने कहा कि भारत अब एक पूर्ण सेमीकंडक्टर राष्ट्र बनने की राह पर है।
मोदी ने कहा, “वह दिन दूर नहीं जब दुनिया कहेगी, ‘डिजाइन्ड इन इंडिया, मेड इन इंडिया एंड ट्रस्टेड बाय वर्ल्ड’।” कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि तीन साल पहले शुरू हुए भारत सेमीकंडक्टर मिशन के कारण आज दुनिया भारत पर भरोसा कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री को ‘विक्रम 32-बिट प्रोसेसर’ भेंट किया, जिसे इसरो ने पूरी तरह भारत में विकसित किया है। यह तीन दिवसीय कॉन्फ्रेंस भारतीय सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम को बढ़ावा देने के लिए आयोजित की गई है।