गुरुवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सेवा पखवाड़े को एक नया आयाम देते हुए जबलपुर के रानी दुर्गावती चिकित्सालय में स्वच्छता अभियान का नेतृत्व किया। उन्होंने खुद झाड़ू उठाकर अस्पताल परिसर की सफाई में श्रमदान किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी सरकारी कर्मचारियों से अपील की कि वे कार्यालयीन समय से पहले रोस्टर के अनुसार स्वच्छता के लिए श्रमदान करें।
डॉ. यादव ने सभी जिलों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और स्वास्थ्य संस्थाओं में सामाजिक और स्वयंसेवी संगठनों को भी इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने अधिकारियों को सफाई अभियान की निगरानी करने के निर्देश दिए और मंत्रियों, सांसदों और विधायकों से भी इस कार्य में आमजन को प्रोत्साहित करने का अनुरोध किया। गौरतलब है कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार’ अभियान चल रहा है, जिसके तहत स्वास्थ्य शिविरों में मुफ्त जाँच और स्वास्थ्य शिक्षा दी जा रही है।