भोपाल में ‘सांसद खेल महोत्सव’ शुरू, 71 हज़ार से अधिक खिलाड़ी शामिल

भोपाल में ‘सांसद खेल महोत्सव’ शुरू, 71 हज़ार से अधिक खिलाड़ी शामिल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत में खेल के क्षेत्र में एक नई क्रांति आई है। उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों और जवानों ने हर मौके पर देश का मान बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने ‘सांसद खेल महोत्सव’ के उद्घाटन समारोह में कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए स्वदेशी और खेल क्रांति के लिए फिट इंडिया मूवमेंट बहुत महत्वपूर्ण हैं, और प्रधानमंत्री मोदी इन दोनों को लगातार बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री लोगों को अपनी जीवनशैली में बदलाव लाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं, जिसका मंत्र है “भोजन में तेल कम करें और जीवन में खेल गतिविधियां बढ़ाएं।”

मुख्यमंत्री ने बुधवार को भोपाल के शासकीय सुभाष एक्सीलेंस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में भारत माता की जय के नारों और आतिशबाजी के बीच तिरंगे गुब्बारे छोड़कर ‘सांसद खेल महोत्सव 2025’ का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि इस महोत्सव में 71 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने नामांकन कराया है, जो प्रदेश के युवाओं में खेल के प्रति बढ़ती रुचि को दर्शाता है। यह महोत्सव सेवा पखवाड़ा का भी हिस्सा है, जो खुशी की बात है।

डॉ. यादव ने कहा कि हर घर से खिलाड़ी और हर गांव से चैंपियन निकलने चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को पौष्टिक आहार पर ध्यान देने और दूध, दही व मक्खन को अपने भोजन में शामिल करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार खेल, खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को हर स्तर पर प्रोत्साहित कर रही है। प्रशिक्षकों के लिए प्रमोशन और वेतन की व्यवस्था की गई है, और स्पोर्ट्स टीचर्स को कुलगुरु बनने तक का अवसर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने मलखंब, जूडो, कुश्ती और ताइक्वांडो के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना की और सभी को नवरात्रि और दशहरे की शुभकामनाएं दीं।

सांसद श्री आलोक शर्मा ने बताया कि इस महोत्सव में भोपाल-सीहोर संसदीय क्षेत्र के 71 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने 24 से ज्यादा खेलों के लिए पंजीकरण कराया है, जिनकी प्रतियोगिताएं पंचायत और नगरीय निकाय स्तर पर होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *