खजुराहो के राजगढ़ पैलेस में ओबेरॉय समूह का फाइव-स्टार होटल; मुख्यमंत्री ने जताया हर्ष, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

खजुराहो के राजगढ़ पैलेस में ओबेरॉय समूह का फाइव-स्टार होटल; मुख्यमंत्री ने जताया हर्ष, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खजुराहो के राजगढ़ पैलेस में द ओबेरॉय राजगढ़ पैलेस होटल आरंभ किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि देश के प्रतिष्ठित ओबेरॉय समूह द्वारा शुरू किया जा रहा यह पांच सितारा लग्जरी होटल मध्य प्रदेश में पर्यटन को बड़ा प्रोत्साहन देगा। इससे देश के साथ-साथ अंतर्राष्ट्रीय पर्यटक भी राज्य की समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक धरोहर और वन्य प्राणी पर्यटन की ओर आकर्षित होंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास पर ओबेरॉय समूह के श्री अर्जुन ओबेरॉय और श्री शंकर से चर्चा के दौरान यह बात कही। इस दौरान अपर मुख्य सचिव पर्यटन श्री शिव शेखर शुक्ला भी उपस्थित थे। ओबेरॉय समूह के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को होटल के शुभारंभ के लिए आमंत्रित किया।

पैलेस की विशेषताएँ:

  • राज्य सरकार ने राजगढ़ पैलेस का नवीनीकरण और जीर्णोद्धार कर इसे पांच सितारा होटल के रूप में संचालित करने के लिए ओबेरॉय समूह को लीज पर दिया है।
  • 350 साल पुराना यह महल बुन्देला राजवंश द्वारा निर्मित है और भारतीय स्थापत्य तथा पारम्परिक बुंदेलखंड की विशेषताओं का अद्भुत मिश्रण है।
  • यह चंद्रनगर के पास मानगढ़ और मनियागढ़ की पहाड़ियों के मध्य हरे-भरे बगीचों के बीच स्थित है।
  • द ओबेरॉय समूह द्वारा विकसित इस होटल में महलनुमा रेस्टोरेंट, भव्य बैंक्वेट हॉल सहित 66 भव्य कक्ष उपलब्ध होंगे।
  • यह स्थान कॉर्पोरेट आयोजनों, डेस्टिनेशन वेडिंग्स और सामाजिक समारोहों के लिए एक आदर्श गंतव्य के रूप में स्थापित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *