गांधीनगर, गुजरात: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज, 4 अक्टूबर, को गुजरात के गांधीनगर से एक महत्वपूर्ण राष्ट्रव्यापी अभियान ‘आपकी पूंजी, आपका अधिकार’ की शुरुआत की। इस तीन महीने तक चलने वाले कैंपेन का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को उनके अनक्लेम्ड फाइनेंशियल एसेट्स (दावा न की गई वित्तीय संपत्तियाँ) को वापस दिलवाना है।
दिसंबर 2025 तक चलने वाले इस अभियान के तहत, पुराने बैंक खातों, बीमा पॉलिसियों, शेयरों और म्यूचुअल फंड्स में फँसी लाखों-करोड़ों रुपए की रकम को वापस पाना अब आसान हो जाएगा। सरकार का अनुमान है कि यह राशि 30,000 करोड़ रुपए से अधिक है, जिसका सबसे अधिक फायदा गरीब और मध्यम वर्ग के नागरिकों को होगा।
इस पहल में RBI, IRDAI, SEBI और IEPFA जैसी नियामक संस्थाएं मिलकर काम करेंगी। ‘फाइनेंशियल सर्विस डिपार्टमेंट’ द्वारा संचालित इस अभियान में लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ, UDGAM पोर्टल जैसे ऑनलाइन ट्रेसिंग टूल्स और हेल्पलाइन नंबरों की मदद से दावा प्रक्रिया को सरल बनाया जाएगा।
अनक्लेम्ड डिपॉजिट वे बैंक खाते हैं जिनमें 10 साल से कोई लेन-देन नहीं हुआ है, या बीमा/शेयर/म्यूचुअल फंड्स जिनकी दावा अवधि समाप्त हो चुकी है। नागरिक आधार, पैन जैसे मूल दस्तावेजों के साथ नजदीकी कैंप या ऑनलाइन पोर्टल्स के जरिए अपनी खोई हुई पूंजी का पता लगा सकते हैं और उसका दावा कर सकते हैं।