मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को उज्जैन के अवंतिका विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय ‘यूथ थिंकर्स कॉन्फ्लूएंस’ कार्यशाला का शुभारंभ किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आज की युवाशक्ति भारत को उस स्थान पर ले जाएगी, जहाँ से देश विश्वगुरु बनकर उभरेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने युवाओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को उनका सबसे बड़ा प्रेरणास्रोत बताया, जिनसे प्रेरणा लेकर युवा नई सोच के साथ आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवा किसी भी देश की वह शक्ति होते हैं जो उसके इतिहास को लिखने के लिए सबसे आगे खड़े होते हैं।
उन्होंने भारतीय इतिहास में युवा शक्ति के योगदान को याद किया, जिसमें अंग्रेजों के काल में खुदीराम बोस, चंद्रशेखर आजाद, भगतसिंह, सुभाषचंद्र बोस जैसे क्रांतिकारियों और प्राचीन काल में सम्राट विक्रमादित्य, चंद्रगुप्त मौर्य, समुद्र गुप्त जैसे योद्धाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत का इतिहास युवाओं का इतिहास रहा है जो पूर्वजों के अनुभवों से लाभ लेकर देश को आगे बढ़ाते हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी की ‘स्टार्टअप पॉलिसी’ को नवाचार का बेहतरीन उदाहरण बताया और कहा कि प्रधानमंत्री भी युवाओं की तरह लगातार नवाचार कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं से कहा कि उनमें दृढ़ इच्छाशक्ति की कमी नहीं है और उन्हें प्राचीन संस्कृति से प्रेरणा लेकर देश का नाम दुनिया में आगे बढ़ाना चाहिए।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने फिल्म निर्देशक श्री विवेक अग्निहोत्री की मालवा अंचल पर फिल्म बनाने की बात पर सहमति जताते हुए सुझाव दिया कि सम्राट राजा विक्रमादित्य और राजा भोज पर भी फिल्में बनाई जा सकती हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। मुख्यमंत्री ने कई पुस्तकों का विमोचन किया, जिनमें ‘द ब्लड रिपब्लिक आफ बंगाल’ और ‘बच्चे आपके संस्कार किसके?’ जैसी कृतियाँ शामिल थीं। उन्होंने नवीन आकृति भवन का लोकार्पण भी किया।