बहनों को भाईदूज का तोहफा, लाड़ली बहना योजना में अब मिलेंगे ₹1500: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

बहनों को भाईदूज का तोहफा, लाड़ली बहना योजना में अब मिलेंगे ₹1500: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को ईदगाह हिल्स में निर्धन बेटियों के साथ दीपावली मनाने के बाद टीवी चैनल प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए प्रदेश में बहनों, युवाओं, किसानों और गरीबों के कल्याण के लिए राज्य सरकार के निरंतर प्रयासों पर जोर दिया।

उन्होंने घोषणा की कि भाईदूज के अवसर पर लाड़ली बहना योजना के तहत बहनों को ₹250 की अतिरिक्त राशि देने का वादा पूरा किया जा रहा है। इस वृद्धि के बाद अब बहनों को योजना के अंतर्गत कुल ₹1500 प्राप्त होंगे। मुख्यमंत्री ने इस राशि को भगवान श्रीकृष्ण की बहन सुभद्रा की तरह लाड़ली बहनों को प्रदान करने की बात कही और सभी लाड़ली बहनों को भाईदूज की बधाई दी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने त्योहारों (दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाईदूज) को सौगात देने का अवसर बताते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को भी ₹1800 करोड़ की राहत राशि जिलों में दी गई है। उन्होंने बताया कि अतिवृष्टि, ओलावृष्टि और पीला मोजेक जैसी समस्याओं का सर्वे करवाकर किसानों को मदद पहुंचाई गई। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार अन्नदाता के कष्ट में उनके साथ खड़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *